Breaking News

बरेला के चर्चित अपहरण और हत्याकांड में पुलिस को बड़ी कामयाबी, मास्टरमाइंड 'छोटू साहू' सहित 7 आरोपी गिरफ्तार

# 30 Dec, 2025

तखतपुर {परमेश्वर ठाकुर} जरहागांव थाना क्षेत्र के ग्राम बरेला में हुए सनसनीखेज राजकुमार धुरी हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है।

मुंगेली पुलिस अधीक्षक श्री भोजराम पटेल के कड़े निर्देशों और सटीक रणनीति के चलते पुलिस ने घटना के मुख्य सूत्रधार और मास्टरमाइंड प्रदीप उर्फ छोटू साहू सहित 7 फरार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इस मामले में अब तक कुल 12 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। क्या था पूरा मामला? घटना 26 दिसंबर 2025 की है। मृतक राजकुमार धुरी (21 वर्ष) पंजाब नेशनल बैंक बड़ेला गया हुआ था। वहां पहले से मौजूद आरोपी प्रदीप साहू ने उसे देख लिया। प्रदीप और मृतक के परिवार के बीच पिछले एक साल से जमीन को लेकर रंजिश चल रही थी। प्रदीप ने मौका पाकर अपने साथियों (रवि, चिंटू, मिंटू, राजा, मनीष, कान्हा, छोटू खान, समीर आदि) को फोन कर बैंक बुला लिया। आरोपियों ने फिल्मी स्टाइल में बैंक के अंदर घुसकर राजकुमार का अपहरण किया और उसे जबरदस्ती i20 कार में बैठाकर ठकुरीकापा नर्सरी ले गए। वहां उसे लात-घूंसों और जंगली डंडों से बेरहमी से पीटा गया। अधमरा करने के बाद आरोपी उसे वापस बड़ेला लाए और उसके घर के सामने फेंककर फरार हो गए। अस्पताल में इलाज के दौरान राजकुमार की मौत हो गई।

पुलिस ने ऐसे कसा शिकंजा एसपी भोजराम पटेल ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल विशेष टीमें गठित कीं। एएसपी नवनीत कौर छाबड़ा और एसडीओपी मयंक तिवारी के मार्गदर्शन में पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले और मुखबिरों का जाल बिछाया। मुख्य आरोपी प्रदीप साहू और उसके साथी घटना के बाद लगातार अपनी लोकेशन बदल रहे थे। वे पहले भाटापारा, फिर रायपुर, दुर्ग, और नागपुर भागे। पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी वापस ट्रेन से भाटापारा आकर, वहां से कोरबा और कोटा होते हुए बड़ेला की तरफ आ रहे हैं। इसी दौरान पुलिस ने घेराबंदी कर उन्हें दबोच लिया। आरोपियों की निशानदेही पर बरामदगी पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त डंडे, i20 कार और भागने में इस्तेमाल की गई नेक्सॉन कार व एक्टिवा जब्त कर ली है। पूछताछ में पता चला कि 3 आरोपी लोरमी के जंगल में छिपे थे, जिन्हें भी विशेष टीम ने गिरफ्तार कर लिया।

30.12.2025 को गिरफ्तार किए गए 7 आरोपी: प्रदीप उर्फ छोटू साहू (27 वर्ष) - मुख्य आरोपी मनीष साहू (22 वर्ष) विनीत साहू उर्फ चिन्टु (20 वर्ष) रवि निर्मलकर (25 वर्ष) राजा धुरी (25 वर्ष) प्रदीप ध्रुवंशी (25 वर्ष) योगेश साहू (25 वर्ष, निवासी खपरी, बेमेतरा) उल्लेखनीय है कि पुलिस ने 28 दिसंबर को ही इस मामले में 5 सहयोगियों को जेल भेज दिया था। फिलहाल अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।

पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका इस कार्रवाई में थाना प्रभारी जरहागांव नंदलाल पैकरा, साइबर सेल प्रभारी सुशील बंछोर, सउनि लखीराम नेताम और आरक्षक अजय शिवहरे, उमेश सोनवानी सहित पूरी टीम की भूमिका सराहनीय रही।

Banner